पंजाब सरकार ने जमीनी स्तर पर खेलों को दिया बड़ा बढ़ावा : डॉ. इशांक कुमार

गांव सलेमपुर में ब्लॉक स्तरीय प्राथमिक स्कूल खेलों का उद्घाटन
कहा, गांवों में 6000 खेल मैदान और 6000 इंडोर जिम खेल संस्कृति को करेंगे और मजबूत
होशियारपुर, 23 सितंबर: शैकी
पंजाब सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा करवाए जा रहे प्राथमिक स्कूलों की खेलों के ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों का नजदीकी गांव सलेमपुर में उद्घाटन करते हुए चब्बेवाल से विधायक डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने जमीनी स्तर पर खेलों को बड़ा बढ़ावा दिया है, जिससे प्रदेश में खेल संस्कृति और मजबूत हुई है।
ब्लॉक स्तरीय स्कूली खेलों के संबंध में विधायक डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आयोजित की जा रही **खेडां वतन पंजाब दियां** का मुख्य उद्देश्य भी प्रदेश के हर कोने में जमीनी स्तर तक हर आयु वर्ग के इच्छुक खिलाड़ियों को अपनी पसंदीदा खेलों में प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा गांवों में 1100 करोड़ रुपये की लागत से 3000 आधुनिक खेल मैदान बनाए जा रहे हैं,
जो पंजाब में खेलों को और प्रोत्साहित करने के साथ-साथ युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाने में सक्षम बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश के गांवों में 6000 इंडोर जिम भी बनाए जा रहे हैं, जो पंजाबियों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाएंगे।
विधायक डॉ. इशांक कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा खेलों के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का विशेष सम्मान करते हुए उन्हें नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जा रहा है। इसके तहत ओलंपिक खेलों में पदक जीतने वाले पंजाबी हॉकी खिलाड़ियों को 1-1 करोड़ रुपये की राशि और सरकारी नौकरियां देकर उनका मान बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार खेलों को और बढ़ावा देकर प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए अवसर प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
उन्होंने ब्लॉक स्तरीय मुकाबलों में भाग ले रहे पुरहीरां, माना, अत्तोवाल, पियालां और शेरगढ़ क्लस्टर के खिलाड़ियों को पूरी खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं, जिन्हें हर युवा को अपनाना चाहिए, ताकि स्वस्थ समाज के निर्माण को सुनिश्चित किया जा सके।
कैप्शन: विधायक डॉ. इशांक कुमार गांव सलेमपुर में ब्लॉक स्तरीय प्राइमरी प्राथमिक स्कूल खेलों का उद्घाटन करते हुए।
—


