कम्युनिटी हेल्थ सेंटर हरियाणा जल्द होगा तैयार : डॉ. रवजोत सिंह
9.18 करोड़ रुपये की लागत से 30 बेड वाले सी.एच.सी. का काम युद्धस्तर पर जारी
कैबिनेट मंत्री ने प्रोजेक्ट की प्रगति का लिया जायजा
हरियाणा/होशियारपुर, 22 सितंबर: पंजाब के जेल एवं प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कस्बा हरियाणा में पंजाब सरकार द्वारा बनाए जा रहे कम्युनिटी हेल्थ सेंटर के काम की प्रगति का जायजा लेते हुए कहा कि यह अस्पताल जल्द बनकर तैयार होगा, जहां क्षेत्र के 40 से अधिक गांवों के निवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
कैबिनेट मंत्री ने स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों सहित प्रोजेक्ट के चल रहे कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि 9.18 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में 30 बेड की सुविधा के अलावा आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, प्रयोगशाला, एक्स-रे, टीकाकरण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि सेंटर का काम पूरी रफ्तार से जारी है और अगले दो महीनों में यह अस्पताल बनकर तैयार हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में पहली और दूसरी मंजिल तक का ढांचा तथा रैंप आदि पूरी तरह तैयार हो चुके हैं और आंतरिक कार्य शुरू हो चुका है, जिसे आने वाले कुछ सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा।
पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य के हर क्षेत्र में आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं, जिनके माध्यम से लोगों को उनके घरों के नजदीक ही प्राथमिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों के दौरान पंजाब सरकार द्वारा करीब 1600 डॉक्टरों की भर्ती की गई है, जिससे सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं और बेहतर ढंग से उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र को आम आदमी पार्टी की सरकार ने विशेष प्राथमिकता देते हुए अभूतपूर्व कदम उठाए हैं, जिसका आम लोगों को बड़े स्तर पर लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत लोगों को निजी अस्पतालों में 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा पंजाब के परिवारों के लिए बेहद लाभदायक साबित हो रही है।
इस मौके पर भुंगा एस.एम.ओ. डॉ. सुदेश राजन और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
कैप्शन: पंजाब के जेल एवं प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह हरियाणा में निर्माणाधीन सी.एच.सी. के काम की प्रगति का जायजा लेते हुए।

