– बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच, मुफ्त दवाइयों, आंखों की जांच और सहायक उपकरणों के लिए किए गए विशेष प्रबंध
– बुजुर्गों का सम्मान और उनकी देखभाल करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी: विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा
– बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता: डिप्टी कमिश्नर आशिका जै
होशियारपुर, 13 अक्टूबर: जिला प्रशासन की ओर से बुजुर्गों की सेवा, सम्मान और स्वास्थ्य देखभाल को समर्पित ‘साडे बुजुर्ग, साडा मान’ अभियान के तहत आज सिटी सेंटर में जिला स्तरीय समागम आयोजित किया गया। इस दौरान विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया।
विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा व डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने समागम में विशेष तौर पर शिरकत कर शिविर में उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बुजुर्गों के कल्याण के लिए ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, मार्गदर्शन और योगदान का सम्मान करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेहत और सुविधाओं का ध्यान रखना केवल परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। ‘साडे बुजुर्ग, साडा मान’ अभियान बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने और उनके प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि जिला प्रशासन बुजुर्गों की स्वास्थ्य देखभाल, सामाजिक सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। अभियान का उद्देश्य बुजुर्गों को आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें उपलब्ध सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
शिविर के दौरान बुजुर्गों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, आंखों की जांच और आयुर्वेदिक चिकित्सकों की ओर से स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। जरूरत के अनुसार मुफ्त दवाइयां देने, मोतियाबिंद की जांच के बाद सरकारी अस्पताल में मुफ्त ऑपरेशन तथा जरूरतमंद बुजुर्गों को चश्मे उपलब्ध करवाने के प्रबंध किए गए।
इसके अलावा जरूरतमंद बुजुर्गों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से एलिम्को की ओर से ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, कानों की मशीन, छड़ी, सर्वाइकल कॉलर और ब्रेस बेल्ट सहित विभिन्न उपकरणों के लिए आकलन किया गया। एलिम्को की ओर से मौके पर भी जरूरी सहायक उपकरण दिए गए।
इस संबंध में लाभार्थियों को आधार कार्ड, पेंशन प्रमाण पत्र, सरपंच या नगर पार्षद की ओर से जारी आय प्रमाण पत्र तथा पासपोर्ट आकार की फोटो जैसे आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों, बैंकिंग सुविधाओं और डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही बुजुर्गों और युवाओं के बीच आपसी संवाद तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अभियान के तहत आगामी स्वास्थ्य जांच शिविर 22 अक्टूबर को सिविल अस्पताल मुकेरियां, 27 अक्टूबर को सिविल अस्पताल दसूहा तथा 3 नवंबर को सिविल अस्पताल गढ़शंकर में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बुजुर्गों से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर मेयर प्रवीण सैनी, ज़िला योजना कमेटी की चेयरपर्सन करमजीत कौर, सीनियर डिप्टी मेयर सुरिंदर कुमार, पार्षद अजय वर्मा, मनी गोगिया, जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।
—

