बारिश के मद्देनजर धान की सुरक्षा के लिए मंडियों में पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन
खरीद एजेंसियों के अधिकारी मंडियों में मौजूद, तिरपाल से ढककर रखा जा रहा धान
होशियारपुर, 11 अक्टूबर: जिले में बारिश के मद्देनजर मंडियों में किसानों की धान की फसल को सुरक्षित रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं। डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन के निर्देशों के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को मंडियों में मौजूद रहकर धान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिला खाद्य एवं आपूर्ति कंट्रोलर, जिला मंडी अधिकारी तथा विभिन्न खरीद एजेंसियों के जिला प्रबंधक मंडियों में पहुंचकर प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि बोरियों में भरे धान और खुले ढेरों में रखी धान की फसल को तिरपाल से अच्छी तरह ढककर रखा जाए, ताकि बारिश के कारण फसल को नुकसान न पहुंचे। धान की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने जिले के सभी उपमंडल मजिस्ट्रेटों को भी निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं मंडियों का दौरा कर प्रबंधों का जायजा लें। इसके साथ ही जिला मंडी अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ तालमेल स्थापित करते हुए मंडी परिसर में जमा बारिश के पानी की तुरंत निकासी सुनिश्चित करें, ताकि किसानों की फसल को किसी प्रकार का नुकसान न हो और खरीद प्रक्रिया भी सुचारू रूप से जारी रहे।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति कंट्रोलर नरिंदर सिंह ने बताया कि डिप्टी कमिश्नर के निर्देशों के अनुसार खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को मंडियों में धान की सुरक्षा के लिए पूरी सतर्कता बरतने और आवश्यक प्रबंधों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से किसानों की उपज को सुरक्षित रखने तथा मंडियों में खरीद संबंधी व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य कर रहे हैं।

