संबंधित अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के निर्देश
होशियारपुर, 6 अक्टूबर: पंजाब सरकार द्वारा गांवों में लाल लकीर के दायरे में बने मकानों के मालिकाना हक प्रदान करने के लिए ‘मेरा घर-मेरे नाम’ योजना के तहत जिले में प्रॉपर्टी कार्ड वितरित करने की शुरुआत बुधवार से की जा रही है, जिसके संबंध में प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
‘मेरा घर-मेरे नाम’ योजना के तहत प्रॉपर्टी कार्ड वितरण की प्रक्रिया को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ मीटिंग करते हुए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि लाल लकीर के अंदर बने घरों के मालिकाना हक वाले कार्ड बुधवार से चरणबद्ध तरीके से वितरित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन कार्डों के वितरण की शुरुआत शामचुरासी विधानसभा क्षेत्र के गांव हाजी खानपुर, चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के गांव बठुल्ला, दसूहा हलके के गांव गंगा चक्क, टांडा के गांव रसूलपुर, मुकेरियां के गांव चक्क सरवाणी और गढ़शंकर के गांव रसूलपुर से की जाएगी। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 300 से अधिक प्रॉपर्टी कार्ड देकर इन परिवारों को मालिकाना हक प्रदान किया जाएगा, जिसके बाद जिले में चरणबद्ध तरीके से यह प्रक्रिया जारी रहेगी।

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए गांव स्तर पर समितियों का गठन किया गया है, ताकि आवश्यक प्रक्रिया को कम से कम समय में पूरा किया जा सके। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न सब-डिवीजनों में योजना के तहत चल रही प्रक्रिया की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि लाभार्थियों को उनके प्रॉपर्टी कार्ड जल्द से जल्द सौंपे जा सकें।
जिला राजस्व अधिकारी अमनदीप चावला ने बताया कि ‘मेरा घर-मेरे नाम’ योजना के तहत लाभार्थियों को प्रॉपर्टी कार्ड वितरित करने के लिए गांवों में चल रही प्रक्रिया को समय पर पूरा कर उनके मालिकाना हक वाले कार्ड सौंपे जाएंगे। उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा लाल लकीर के निवासियों को उनके घरों के मालिकाना हक की कानूनी मान्यता प्रदान करने के लिए प्रॉपर्टी कार्ड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जिससे लाभार्थी विभिन्न प्रकार के विकास एवं आर्थिक कार्यों के लिए अपनी संपत्ति का उपयोग कर सकते हैं।
कैप्शन: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ‘मेरा घर-मेरे नाम’ योजना के तहत आने वाले दिनों में प्रॉपर्टी कार्ड वितरित करने की प्रक्रिया को लेकर समीक्षा मीटिंग करते हुए।

