सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने में सखियों की भूमिका सराहनीय : ब्रम शंकर जिम्पा
विधायक ने होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र की सखियों के साथ की बैठक, उनके योगदान के लिए किया धन्यवाद
शैकी
होशियारपुर, 3 नवंबर: विधायक ब्रमशंकर जिम्पा ने आज होशियारपुर विधानसभा क्षेत्र की सखियों के साथ विशेष बैठक की। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना को घर-घर तक पहुंचाने में सखियों की ओर से निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
ब्रम शंकर जिम्पा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की ओर से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सम्मान को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना शुरू की गई है। इस योजना की जानकारी पात्र महिलाओं तक पहुंचाने और उन्हें इसका लाभ दिलाने में सखियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सखियों की मेहनत और समर्पण के कारण बड़ी संख्या में महिलाओं तक इस योजना की जानकारी पहुंची है और वे इसका लाभ लेने के लिए आगे आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी लोगों तक पहुंच सकता है, जब उन्हें इन योजनाओं की पूरी जानकारी हो। इसी उद्देश्य से उन्होंने सखियों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के साथ-साथ पंजाब सरकार की अन्य लोकहितैषी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरूक करें।
उन्होंने मुख्यमंत्री मेरी रसोई योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से पात्र राशन कार्ड धारक परिवारों को जरूरी खाद्य सामग्री की किट उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को घरेलू खर्च में राहत मिल सके। इसके अलावा मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत पात्र परिवारों को 10 लाख रुपए तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रावधान है।
विधायक ने कहा कि आम आदमी क्लीनिक पंजाब सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है। इन क्लीनिकों को लोगों के घरों के नजदीक खोला गया है, जहां योग्य डॉक्टरों की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, मुफ्त दवाइयां और विभिन्न मेडिकल टेस्ट की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इससे लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और उन्हें छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
उन्होंने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाने के लिए विशेष बसों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा मुफ्त बिजली सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को आर्थिक राहत और बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है।
ब्रम शंकर जिम्पा ने सखियों से कहा कि वे इसी तरह लोगों के साथ संपर्क बनाए रखें और उन्हें सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सखियां सरकार और आम जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके प्रयासों से अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। इस मौके पर हल्का संगठन इंचार्ज अमरजीत सिंह सैनी, हल्का कोऑर्डिनेटर वुमेन विंग सरबजीत कौर, सरपंच गांव नंगल शहीदा, जिला प्रधान महिला विंग मनजोत कौर, पार्षद बलजीत कौर, रजनी कौर, सुमन बहल, प्रमोद शर्मा, भूपिंदर, पार्षद अंजना बरमी, राजू, गीता, बलजीत कौर, मनदीप कौर, पार्षद परमजीत कौर, गुरबख्श कौर, बलजिंदर कौर, शैरी, संजय शर्मा, बिंदु शर्मा, गुरमेल, कमलजीत सोनू के अलावा अन्य गणमान्य भी मौजूद थे।

