धान की खरीद 1 अक्टूबर से, किसान सूखा धान लाने को दें प्राथमिकता: डिप्टी कमिश्नर

मंडियों में आवश्यक प्रबंध पूरे, जिले में 4.15 लाख मीट्रिक टन धान की आमद होने की संभावना
जिले की 65 रैगूलर मंडियों में होगी खरीद, मार्कफेड, पनग्रेन, पनसप, पंजाब वेयरहाउस और एफ.सी.आई. करेंगी खरीद
शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन से कटाई पर रहेगी पाबंदी
होशियारपुर, 23 सितंबर: शैकी
पंजाब सरकार द्वारा 1 अक्टूबर से शुरू होने वाली धान की खरीद के संबंध में डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि जिले की मंडियों में हर पहलू से आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं, ताकि फसल की खरीद सुचारू ढंग से संपन्न करवाई जा सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि मंडियों में सूखा धान ही लाने को प्राथमिकता दी जाए, ताकि उनकी फसल की साथ-साथ खरीद की जा सके।
खरीद से संबंधित अधिकारियों को मंडियों में रैगूलर समीक्षा करने के निर्देश देते हुए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिले की 65 रैगूलर मंडियों में आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सीजन के दौरान धान में 17 प्रतिशत नमी की सीमा निर्धारित की गई है, जिसका किसानों द्वारा विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में मूलभूत सुविधाओं के उचित प्रबंध किए गए हैं, ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिले में इस बार धान की अनुमानित आमद के बारे में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि जिले की मंडियों में लगभग 4.15 लाख मीट्रिक टन धान की आमद होने की संभावना है, जिसके मद्देनजर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं सिविल सप्लाई विभाग के अधिकारियों द्वारा मंडियों में प्रबंधों की रैगूलर समीक्षा की जाएगी, ताकि किसानों, आढ़तियों और श्रमिकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने बताया कि खरीद एजेंसियों में मार्कफेड, पनग्रेन, पनसप, पंजाब वेयरहाउस और एफ.सी.आई. शामिल हैं,
जो किसानों की फसल की खरीद करेंगी। उल्लेखनीय है कि इस सीजन के दौरान धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम.एस.पी.) 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि किसानों की फसल की खरीद के 24 घंटे के भीतर निर्धारित भुगतान करने के साथ-साथ तत्काल लिफ्टिंग सुनिश्चित की जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि जिले में शाम 6 बजे से सुबह 10 बजे तक कंबाइन से धान की कटाई पर पाबंदी लगाई गई है, जिसका हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।
फोटो: डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन।

