होशियारपुर में एसआईआर का कार्य अंतिम चरण में, 99.91 प्रतिशत कार्य पूरा : जिला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन

जिले की 7 विधानसभा क्षेत्रों में से 5 में एसआईआर-2026 की प्रक्रिया 100 प्रतिशत पूरी
शैकी
होशियारपुर, 1 अक्तूबर :
जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिले में अब तक 99.91 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी होशियारपुर आशिका जैन ने दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि होशियारपुर जिले के कुल 7 विधानसभा क्षेत्रों में से 5 विधानसभा क्षेत्रों 40-दसूहा, 42-शाम चौरासी, 43-होशियारपुर, 44-चब्बेवाल और 45-गढ़शंकर में एसआईआर-2026 की प्रक्रिया 100 प्रतिशत पूरी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। जिन मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं तथा सुनवाई या दस्तावेज जमा करवाने की प्रक्रिया लंबित है, ऐसे मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) स्वयं संपर्क करेंगे और आवश्यक दस्तावेज सीधे एकत्र करेंगे। इसके लिए, जहां आवश्यक होगा, मतदाताओं को व्यक्तिगत सुनवाई या दस्तावेज जमा करवाने के लिए संबंधित कार्यालयों में आने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से मतदाताओं को निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से जाने से राहत मिलेगी और लंबित मामलों के निपटारे में भी तेजी आएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी तथा निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाता सूचियों से संबंधित प्रश्नों एवं समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
आशिका जैन ने कहा कि जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा समूची चुनाव मशीनरी के सहयोग से एसआईआर की प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ तथा अन्य चुनाव अधिकारियों को पूरा सहयोग दें और जहां आवश्यक हो, वहां निर्धारित दस्तावेज एवं अपेक्षित जानकारी उपलब्ध करवाएं, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को समय पर पूरा किया जा सके।

