जनगणना-2027 : नगर निगम क्षेत्र के निवासी 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे कर सकेंगे ऑनलाइन स्व-गणना : प्रीतइंदर सिंह बैंस**

**ऑनलाइन स्व-गणना के लिए नगर निगम कार्यालय के कमरा नंबर 27-ए में स्थापित किया विशेष हेल्पडेस्क**
होशियारपुर, 13 नवंबर : शैकी
जनगणना-2027 के तहत नगर निगम होशियारपुर की सीमा में रहने वाले नागरिकों के लिए 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना (सेल्फ इन्यूमरेशन) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर प्रीतइंदर सिंह बैंस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और निर्धारित समय के भीतर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करवाएं।
उन्होंने बताया कि इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से नागरिक घर बैठे ही आधिकारिक वेब पोर्टल या मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए अपने परिवार और व्यक्तिगत विवरण आसानी से दर्ज एवं सत्यापित कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य जनगणना के लिए सही और संपूर्ण आंकड़े एकत्रित करना है, ताकि भविष्य में शहर की बेहतर योजना बनाने और नागरिक सुविधाओं को प्रभावी ढंग से उपलब्ध करवाने में सहायता मिल सके।
कमिश्नर ने नागरिकों को सलाह दी कि ऑनलाइन फॉर्म भरने से पहले वे अपने घर से संबंधित बुनियादी विवरण, पहचान पत्र तथा परिवार के सदस्यों की आवश्यक जानकारी तैयार रखें। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त होने वाली सेल्फ इन्यूमरेशन रेफरेंस आईडी अथवा रसीद को संभालकर रखें, ताकि आगामी चरण में घर-घर सत्यापन के लिए आने वाले गणनाकार को यह दिखाया जा सके।
उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों को ऑनलाइन प्रक्रिया के दौरान तकनीकी कठिनाई आती है या जिनके पास इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनकी सहायता के लिए नगर निगम कार्यालय के कमरा नंबर 27-ए में विशेष हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है। यहां कार्यदिवसों के दौरान नागरिकों को निःशुल्क मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकार घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे और आवश्यक विवरण एकत्रित करेंगे।
प्रीतइंदर सिंह बैंस ने शहरवासियों से अपील की कि वे जनगणना-2027 की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय के भीतर सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ स्व-गणना पूरी करें।


