भारत निर्वाचन आयोग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी बी.सी. पात्रा ने ईवीएम और वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया का लिया जायजा

मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच की तैयारियों और गुणवत्ता की जांच की
विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी रहे मौजूद
शैकी
होशियारपुर, 13 नवंबर : वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर भारत निर्वाचन आयोग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी बी.सी. पात्रा ने शुक्रवार को ज़िला ईवीएम वेयरहाउस होशियारपुर में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपैट (वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एफएलसी की तैयारियों, मशीनों की जांच और गुणवत्ता संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके साथ एएसओ सतीश कुमार भी मौजूद थे।
इस अवसर पर अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज)-कम-अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी मेजर (डॉ.) सुमित मुध भी उपस्थित थे। उन्होंने बी.सी. पात्रा को जिले में एफएलसी प्रक्रिया के तहत की जा रही व्यवस्थाओं और तैयारियों संबंधी जानकारी दी। उन्होंने जिला प्रशासन की तैयारियों पर तस्सली प्रकट की।
मेजर (डॉ.) सुमित मुध ने बताया कि पंजाब विधानसभा चुनाव-2027 के मद्देनजर जिले में ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच की प्रक्रिया 12 नवंबर से जिला ईवीएम वेयरहाउस में शुरू हो चुकी है। यह प्रक्रिया भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों और तकनीकी मानकों के अनुसार की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी सुनिश्चित की गई है। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी के साथ-साथ लाइव वेबकास्टिंग की जा रही है, जिसकी फीड जिला मुख्यालय और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब के कार्यालय में भी उपलब्ध करवाई गई है।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार चुनाव संबंधी सभी तैयारियां पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप की जा रही हैं, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारू ढंग से संपन्न करवाए जा सकें।
इस मौके पर नोडल अधिकारी ईवीएम डॉ. बलविंदर सिंह, तहसीलदार चुनाव रमनदीप कौर तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में इंडियन नेशनल कांग्रेस से रजनीश टंडन, आम आदमी पार्टी से खुशी राम धीमान और भारतीय जनता पार्टी से भूषण कुमार शर्मा, सीपीआई (एम) गुरमेश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद थे।
कैप्शन : भारत निर्वाचन आयोग के प्रिंसिपल सेक्रेटरी बी.सी. पात्रा जिला होशियारपुर में ईवीएम और वीवीपैट की एफएलसी प्रक्रिया की तैयारियों एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए।

